Thursday, October 3, 2024

ख़्वाब

 मैंने बचपन से आज तक ऐ दोस्त

सिर्फ़ एक ही तो ख़्वाब देखा था


ना तो दौलत की आरज़ू थी मुझे

और न शोहरत की भूख थी मुझको


मैं सियासत से दूर रहता था

और बेज़ार था तिजारत से


ना मुझे डिग्रियों की ख्वाहिश थी

ना किसी खेल में मिला तमगा 


ना कभी नौकरी की अर्ज़ी दी

ना तरक्की के पायदान चढ़े


जोड़ पाया नहीं कभी पूंजी

ना ख़रीदा जमीन का टुकड़ा


ना तो कोई मकान बनवाया

ना मेरे नाम की लगी तख़्ती 


मैं बहुत खुश था अपने ख़्वाब के साथ

तूने बिलआख़िर जिसको तोड़ दिया 


मेरे सपने को तोड़ने वाले

तेरे कांपे जरूर होंगे हाथ

Friday, September 20, 2024

इश्क़ जिसमें गुनाह हो जाए
ऐसी दुनिया तबाह हो जाए

अक्ल जब  ख़ैरख्वाह हो जाए
दिल से कैसे निबाह हो जाए

ज़िंदगी एक बार मिलती है
सोहबते मेहरो माह हो जाए 

टिमटिमाते हैं किर्मके–शबताब
जब मुक़द्दर सियाह हो जाए

तेरे पाकीज़गी भरे सजदे
मैं करूं तो गुनाह हो जाए

ख़ालिक़ ए कायनात ने सोचा
आज तंज़ ओ मज़ाह हो जाए

गुनगुनाओ न फिर वही नग़म:
सुनते सुनते सबाह हो जाए


आपकी भी सुनेंगे हम काफ़िर
ठहरिए तो निकाह हो जाए

Sunday, February 25, 2024

सूखा

रोज़ बरसता नैनों का जल

रोज़ उठा सरका देता हल

रूठ गए जब सूखे बादल 

क्या जोते क्या बोवे पागल


सागर ताल बला से सूखे

हार न जीते प्यासे सूखे                        हार= खेत

दान दिया परसाद चढ़ाया

फिर काहे चौमासे सूखे                    चौमासा = वर्षा ऋतु


धूप ताप से बर गई धरती                    बरना = जलना

अबके सूखे मर गई धरती

एक बाल ना एक कनूका                    बाल = अनाज की बाली,  कनूका = दाना

आग लगी परती की परती                   आग लगी = औरतों की एक गाली 


भूखी आंखें मोटी मोटी

हाड़ से चिपकी सूखी बोटी                हाड़ = हड्डी

सूखी साखी उंगलियों में

सूखी चमड़ी सूखी रोटी


सूख गई है अमराई भी

सूख गई है अंगनाई भी

तीर सी लगती है छाती में

सूख गई है पुरवाई भी


गड्डे गिर्री डोरी सूखी                        गड्डा = खड़ी गाड़ी गयी मोटी लकड़ी,    गिर्री = गरारी

गगरी मटकी मोरी सूखी                    मोरी = नाली

पनघट पर क्या लेने जाए

इंतज़ार में गोरी सूखी


मावर लाली बिंदिया सूखी                मावर = महावर

धीरे धीरे निंदिया सूखी

आंचल में पलने वाली फिर 

आशा चिंदिया चिंदिया सूखी


सूख चुके सब ज्वारों के तन            जवारे = बैलों की जोड़ी

सूख चुके सब गायों के थन

काहे का घी कैसा मक्खन

सूख चुके सब हांडी बर्तन


फूलों के परखच्चे सूखे

पके नहीं फल कच्चे सूखे

जो बिरवान नहीं सूखे थे                बिरवान = पेड़

सूखे अच्छे अच्छे सूखे


सूखा भादों सूखा सावन

सूखी चोली सूखा दामन 

गौने के सपने मुरझाए

सूखा दुल्हनिया का जोबन


जातें, मेले, झांकी सूखी                    जात = स्थानीय देवताओं के उत्सव

दीवाली बैसाखी सूखी 

चौथ मनी ना होली भीगी

चन्दन रोली राखी सूखी


बस कोयल की कूक न सूखी

घड़ी घड़ी की हूक न सूखी

सूखे चेहरे सूखे पंजर 

लेकिन पेट की भूक न सूखी

Monday, January 15, 2024

शबे आख़िर

 अन्फ़ास के परिंदे बरहम नहीं रहेंगे

फ़िकरे हयातो ग़महाए ग़म नहीं रहेंगे

जानम तुम्हारे शैदाई कम नहीं रहेंगे

रह जाएगा ज़माना कल हम नहीं रहेंगे


तन्हाईए क़यामत और यह हुजूमे दुनिया

हाए हमारी क़िस्मत वाए रुसूमे दुनिया 

दुनिया के मुंसिफ़ों ने बस एक रात दी है 

यह रात आख़िरी है कल हम नहीं रहेंगे


रेगे रवां के पीछे शामो सहर गँवाए

परवाज़ की तमन्ना में बालो पर गँवाए

ख्व़ाबे कुहन की मंज़िल और काविशों का हासिल

यह रात है हमारी कल हम नहीं रहेंगे


लेकर महकते गेसू फिर एक बार आओ

हुस्नो शबाब लेकर दीवानावार आओ

आओ तिपां जिगर से उठने लगा धुंआ सा

बुझने दो चंद शोले कल हम नहीं रहेंगे


अपनी उदास आँखों में डूबने दो शब भर 

इन दिल फ़रेब होंठों को चूमने दो शब भर

शब भर समेटने दो अपने बदन की ख़ुशबू

जी भर के देखने दो कल हम नहीं रहेंगे


नक्शो निगार छूकर जलने दो उँगलियों को

सरता क़दम बहकती चलने दो उँगलियों को

तरसी हुई जवानी महरूम रह न जाए 

पीने दो मै शहाबी कल हम नहीं रहेंगे


बस और ज़िन्दगानी आशुफ़्त:सर न होगी 

इस शब के बाद अपनी कोई सहर न होगी

मेराजे वस्ल क्या है क्या है रमूज़े हिज्राँ

ज़ाहिर कभी न होगा कल हम नहीं रहेंगे


कुछ देर में फ़लक का गोश: सुलग उठेगा

शबनम चमक उठेगी गुंच: महक उठेगा

तुमको सबा हमारे पहलू से ले चलेगी

होंगी हज़ार बातें कल हम नहीं रहेंगे


बेताब खैर मक़दम करने को हैं बहारें

देखो वो दूर तक हैं नगमात की क़तारें 

जाओ तुम्हारी दुनिया आवाज़ दे रही है

हाफ़िज़ ख़ुदा तुम्हारा कल हम नहीं रहेंगे


ख़ुश आमदीद कहना फैला के अपना दामन

कोशिश अगर करोगी होंगे चराग़ रौशन

अफ़सोस भी हमारा तुम भूल कर न करना

कल हम नहीं रहेंगे कल हम नहीं रहेंगे

शुक्रिया

 मैंने सोचा भी नहीं था मेरी मेराजे हयात 

ज़िन्दगी ऐसे मक़ामात से गुजरेगी कभी  

मुझको मालूम नहीं था मेरी तन्हाई में 

तेरे साँसों की हरारत तेरी बांहों का हिसार 

होके हमरंग किसी रोज़ ठहर जाएगा

जिसको समझा था ख़सो ख़ाक का बोसीद: हुजूम

ख़ातिरे ज़ार का मक़दूर संवर जाएगा


आज हर शै तेरी अक्कास नज़र आती है

बज़्मे आलम को नया हुस्न मिला हो जैसे

सर निगूँ होके अदब करता है ख़ुर्शीदे मजाज़

और गीती है कि क़दमों में बिछी जाती है

एक शादाबी ओ सरशारिये गुल क्या कहिए

गुलसितां मुतरिबे नाज़ाँ मेरे ऐज़ाज़ में है

और यह सब है तेरा म' जिज़:ए लुत्फ़ो नियाज़


अपनी क़िस्मत पे जो मग़रूर हूँ मैं थोड़ा है

गर जो दीवाना ओ मसहूर हूँ मैं थोड़ा है

जिस क़दर भी तेरा मशकूर हूँ मैं थोड़ा है

Saturday, January 6, 2024

 इक साअते गुम फेर के सा'ई नहीं देता 

कहता है कि जा मैने चुराई नहीं देता


पूछे है फ़हम कौन है पोशीदा नज़र से

ढूंढे है नज़र जिसको दिखाई नहीं देता


सरवत का अंधेरा है कि पर्दे हैं अना के

इस हाथ को वो हाथ सुझाई नहीं देता


फुर्सत नहीं बेटी को मेरा हाल जो पूछे

बेटा भी मुझे अपनी कमाई नहीं देता


हंगामे तरक्की नहीं हंगामा बपा है

इस शोर में दुनिया को सुनाई नहीं देता


आकाश से धरती का नज़म देखने वाले

बूढ़े हुए अब उनको दिखाई नहीं देता 


बदकारो खातावार खड़े चीख़ रहे हैं

चुपचाप है मासूम सफ़ाई नहीं देता


करता हूं वही जी में जो आ जाए है मेरे

काफ़िर हूं अकीदों की दुहाई नहीं देता